IPL 2022 : गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 21 रन से हराया। दिल्ली की जीत में सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने नाबाद 93 रन बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वॉर्नर की इस पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसके साथ ही वार्नर ने टी20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के पूरे कर लिए हैं।

डेविड वॉर्नर टी20 क्रिकेट में 400 छक्के जड़ने वाले 10वें बल्लेबाज बन चुके हैं। इस रिकॉर्ड को पूरा करने वाला खिलाड़ियों की लिस्ट में क्रिस गेल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 1056 छक्के जड़े हैं, जबकि कायरन पोलार्ड 772 छक्कों के साथ दूसरे और आंद्रे रसेल 544 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। यानी टॉप-3 बल्लेबाज कैरेबियन हैं।

IPL 2022

IPL 2022 : टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी :

क्रिस गेल- 1056
किरोन पोलार्ड- 772
आंद्रे रसेल- 544
ब्रैंडन मैक्कुलम- 485
शेन वॉटसन- 467
एबी डी विलियर्स- 436
रोहित शर्मा- 429
एरोन फिंच- 426
कॉलिन मुनरो- 420
डेविड वॉर्नर- 400*

गुरुवार के मैच में खराब शुरुआत के बावजूद दिल्ली ने 3 विकेट खोकर 207 रन बनाए। डेविड वॉर्नर ने रॉवमैन पॉवेल के साथ चौथे विकेट के लिए 122 रन की अटूट साझेदारी की। वॉर्नर शतक से 8 रन दूर रहे, जबकि पॉवेल ने 35 बॉल में 6 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 67 रन बनाए। विपक्षी टीम की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, सीन एबॉट और श्रेयस गोपाल ने 1-1 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 186 रन ही बना सकी। खराब शुरुआत के बाद एडेन मार्करम और निकलस पूरन ने टीम को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी हुई।

मार्करम 25 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निकलस पूरन (Nicholas Pooran) ने 34 बॉल में 6 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 62 रन बनाए। विपक्षी टीम की ओर से खलील अहमद ने 3, जबकि शार्दुल ठाकुर ने 2 विकेट झटके। इनके अलावा एनरिक नॉर्त्जे, मिचेल मार्श और कुलदीप यादव को 1-1 शिकार हाथ लगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *