IPL 2022 : आईपीएल 2022 में शनिवार, 30 अप्रैल का दिन क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी यादगार साबित हुआ। इस एक दिन में कई ऐसी घटनाएं घटी, जिसका फैंस को पूरे सीजन से इंतजार था। शनिवार को सीजन के दो मुकाबले थे।

पहला मुकाबला दोपहर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरा टाइटंस के बीच खेला गया, जबकि दूसरा मुकाबला शाम को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच था। पहले मुकाबले को गुजरात टाइटंस ने अपने नाम किया और दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराया।

IPL 2022

आइए जानते हैं उन तीन घटनाओं के बारे में, जिसके चर्चे सोशल मीडिया पर थमने के नाम नहीं ले रहे।

विराट कोहली का फॉर्म में लौटना :
कल खेले गए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में किंग कोहली के फैंस ने वो देखा,जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। अपने पुराने फॉर्म में वापसी करते हुए रन मशीन कहे जाने वाले विराट कोहली ने अपनी अर्धशतकीय पारी खेली। मैच भले ही गुजरात टाइटंस ने जीता हो, लेकिन चर्चा में सबसे ज्यादा विराट कोहली का ये शानदार प्रदर्शन ही है। विराट कोहली ने 45 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का भी लगाया। इस सीजन में कोहली दो बार रन आउट होने के साथ दो बार गोल्डन डक पर भी शिकार बने।

IPL 2022 : मुंबई इंडियंस को मिली सीजन की पहली जीत

आखिरकार मुंबई इंडियंस को IPL 2022 की पहली जीत मिल चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा के जन्मदिन पर मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से मात देकर जीत दर्ज की। इस सीजन में लगातार 8 हार के बाद मुंबई इंडियंस की यह पहली जीत है, ऐसे में टीम और फैन्स के लिए ये काफी यादगार रहा।

मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में जीत के लिए चार रन चाहिए थे। ओवर की पहली बॉल पर ही कायरन पोलार्ड आउट हो गए। हालांकि, अगली बॉल पर डेनिएल सैम्स ने छक्का मारकर मैच खत्म किया और मुंबई के नाम इस सीजन की पहली जीत दर्ज हुई।

जड़ेजा ने छोड़ी सीएसके की कप्तानी, धोनी ने दुबारा संभाली कमान

एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में दे दी गई है। आईपीएल 2022 में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद रविंद्र जडेजा ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है। रविवार को हैदराबाद के खिलाफ सीएसके का मैच है और इस मैच से ठीक पहले जडेजा ने वापस टीम की कमान पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सौंप दी है। चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज के मुताबिक रवींद्र जडेजा ने अपने खेल पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। एमएस धोनी से सीएसके का नेतृत्व करने का अनुरोध किया गया, जिसके बाद धोनी ने जडेजा की इस अपील को मानकर टीम की कमान दोबारा संभालने का फैसला लिया।

इन घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट शेयर किए जा रहे हैं, कई मीम्स बन रहे हैं। इन पोस्ट्स पर धड़ाधड़ लाइक्स व कमेंट्स भी आ रहे हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *